PM मोदी का वीडियो हटाने पर Meta की बढ़ीं मुश्किलें, IT समिति ने उठाई कार्रवाई की मांग

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो फेसबुक से हटाए जाने के मामले में सोमवार को संसद की सूचना प्रौद्योगिकी (IT) संबंधी स्थायी समिति ने मेटा के अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की। दिल्ली में हुई बैठक में कंपनी ने इस घटना के लिए तकनीकी गलती को जिम्मेदार बताते हुए माफी मांगी, लेकिन समिति के कई सदस्यों ने इसे पर्याप्त नहीं माना।

सिर्फ माफी नहीं, जवाबदेही भी तय हो

बैठक के दौरान कई सांसदों ने वीडियो हटाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। समिति ने मेटा से यह भी पूछा कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद विवादित और आपत्तिजनक सामग्री को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। बैठक के दौरान इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई।

पहले भी सरकार ने किया था तलब

इससे पहले केंद्र सरकार ने मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया था। मामला उस समय सामने आया था जब प्रधानमंत्री मोदी का युवाओं को संबोधित करने और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कदमों से जुड़ा वीडियो फेसबुक पर कुछ समय के लिए प्रतिबंधित हो गया था। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा की तकनीकी खराबी वाली सफाई को अपर्याप्त बताया था।

मेटा ने बाद में सरकार को पत्र लिखकर बताया कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख खातों की पोस्ट पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी और कई स्तरों पर जांच की व्यवस्था की गई है।

हैदराबाद में भी दर्ज हुई FIR

उधर, हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और मेटा इंडिया प्रमुख के खिलाफ आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दो FIR दर्ज की हैं।

Also read: विद्यालय से लाखों का सामान चुराकर नेपाल भागने की थी तैयारी, 36 घंटे में 3 शातिर चोर गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.