विद्यालय से लाखों का सामान चुराकर नेपाल भागने की थी तैयारी, 36 घंटे में 3 शातिर चोर गिरफ्तार

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिले की कोतवाली कपिलवस्तु पुलिस ने कम्पोजिट विद्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया शैक्षणिक और इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी का सामान नेपाल में बेचने की तैयारी कर रहे थे।

31 जुलाई की रात दिया था वारदात को अंजाम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने ग्राम मदरहना उर्फ रामनगर टोला मटियरिया राजे डिहवा बाग के पास से प्रेमशंकर उर्फ प्रिन्स कन्नौजिया, रोहित चौधरी और रोहित चौधरी उर्फ टकलू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 31 जुलाई की रात कम्पोजिट विद्यालय चकईजोत का ताला तोड़कर लैपटॉप, टैबलेट, इनवर्टर, माइक्रोस्कोप, कंप्यूटर, प्रिंटर और साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चुराया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी का सामान ऑटो रिक्शा से खुनवा बॉर्डर के रास्ते नेपाल ले जाकर बेचने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने एक लैपटॉप, दो टैबलेट, ट्यूबलर बैटरी, इनवर्टर, दो माइक्रोस्कोप, 11 माइक्रो हेडफोन, प्रिंटर, दो वायरलेस कीबोर्ड, ऑप्टिक फाइबर सेट, डेस्कटॉप कंप्यूटर, चार साउंड सिस्टम, दो साइंस किट और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा (UP53FT7469) बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: बांकीपुर में जन सुराज का खुला खाता, प्रशांत किशोर ने BJP के गढ़ में दर्ज की पहली बड़ी चुनावी जीत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.