यूपी लोक सेवा आयोग का फैसला, अब परीक्षा केंद्रों पर लगेंगे जैमर, आधार लिंक और ऑनलाइन कॉपी चेकिंग से बदलेगा सिस्टम

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए बड़े तकनीकी बदलाव करने जा रहा है। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, अब परीक्षा के दौरान मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का दुरुपयोग रोकने के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे। इसके अलावा, हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) को आधार कार्ड से लिंक करने की तैयारी है, जिससे फर्जी अभ्यर्थियों पर पूरी तरह रोक लग सकेगी।

आयोग ने सीधी भर्ती और आवेदन प्रक्रियाओं को भी पूरी तरह डिजिटल करने का निर्णय लिया है। अब विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए आने वाले आवेदन पत्रों और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी (जांच) पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इससे समय की बचत होगी, मानवीय गलतियों की गुंजाइश खत्म होगी और भर्ती प्रक्रिया को अधिक समयबद्ध व पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

सीधी भर्ती के लिए 500 अंकों का नया परीक्षा पैटर्न लागू

आयोग ने पीसीएस (PCS) मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी ऐतिहासिक बदलाव का निर्णय लिया है। अब मेंस की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। किसी भी एक परीक्षक को पूरी उत्तरपुस्तिका नहीं दी जाएगी, बल्कि विशेषज्ञ प्रश्नवार मूल्यांकन करेंगे। उदाहरण के लिए, यदि कोई विशेषज्ञ किसी विषय के प्रश्न संख्या एक को जांच रहा है, तो वह उस विषय के सभी अभ्यर्थियों के प्रश्न संख्या एक का ही मूल्यांकन करेगा। परीक्षकों को पोर्टल पर प्रश्न के साथ उसका संभावित उत्तर भी दिखेगा, जिससे अंकों के पैटर्न में एकरूपता बनी रहे।

इसके साथ ही आयोग ने लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती (स्क्रीनिंग) 2025 नियमावली लागू कर दी है। इसके तहत सीधी भर्तियां कुल 500 अंकों की होंगी, जिसमें 450 अंकों की लिखित परीक्षा (प्रत्येक प्रश्न 3 अंक) और 50 अंकों का इंटरव्यू होगा। अंतिम मेरिट लिस्ट बनाते समय लिखित परीक्षा के अंकों को 75% और साक्षात्कार को 25% वेटेज (भारांक) में बदलकर अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा।

अगस्त के अंतिम सप्ताह में आ सकता है RO-ARO 2026 का विज्ञापन

प्रतियोगी छात्रों के लिए राहत की खबर यह है कि बहुप्रतीक्षित RO-ARO-2026 भर्ती का विज्ञापन अगस्त के अंतिम सप्ताह में जारी होने की प्रबल संभावना है। हाल ही में लगभग 350 एआरओ (ARO) के प्रमोट होकर समीक्षा अधिकारी (RO) बनने से एआरओ के पद बड़ी संख्या में खाली हुए हैं। नए अधियाचन को मिलाकर आयोग लगभग 500 पदों पर नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। वहीं आयोग ने बताया कि वर्तमान में उनके पास केवल 250 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि सुचारू कार्यप्रणाली के लिए इससे दोगुने स्टाफ की आवश्यकता है।

Also Read: लखनऊ हाईकोर्ट ने LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार पर लगाया 50 हजार रुपये का जुर्माना, अवमानना नोटिस जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.