अजीत भारती पर SC/ST एक्ट में FIR, चंद्रशेखर आजाद पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद

Ajit Bharti: आरक्षण के खिलाफ आंदोलन चला रहे यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और अनुसूचित जाति के लोगों को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

यह विवाद सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी के जवाब से शुरू हुआ। एक यूजर ने अजीत भारती के वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा था कि अगर वह अपनी बहन की शादी चंद्रशेखर आजाद से करा दें तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। इसी टिप्पणी पर जवाब देते हुए भारती ने चंद्रशेखर आजाद और कमेंट करने वाले की मां-बहन को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

नॉर्थ एवेन्यू थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भारती ने अनुसूचित जाति के लोगों, चंद्रशेखर आजाद और डॉ. आंबेडकर के खिलाफ बार-बार जाति आधारित गालियों और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत में जातीय नफरत फैलाने वाली टिप्पणियों के साथ सेक्शुअल कमेंट और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

अजीत भारती ने दी सफाई

FIR दर्ज होने के बाद अजीत भारती ने कहा कि उन्होंने अपनी मां और बहन को लेकर की गई टिप्पणी का जवाब दिया था। उनका दावा है कि उन्होंने कोई जातिसूचक शब्द नहीं कहा। विवादित वीडियो में वह चंद्रशेखर आजाद की जाति का जिक्र करते हुए उनकी योग्यता पर भी सवाल उठाते नजर आते हैं। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.