न प्रतियोगिता हुई, न मेडल मिला… फिर भी बांट दिए 1000 से ज्यादा सर्टिफिकेट, पुणे में खेल कोटा घोटाला
Pune Sports Quota Scam: पुणे में सरकारी नौकरी के खेल कोटे को लेकर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुणे पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने कुराश प्रतियोगिताओं (Kurash Competitions) के 1000 से ज्यादा फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर उम्मीदवारों को बांटे।
मामले में महाराष्ट्र कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के रिकॉर्ड तैयार किए, जो असल में कभी हुई ही नहीं थीं।
RTI से खुला फर्जी प्रमाणपत्रों का खेल
पुलिस ने अब तक करीब 60 ऐसे उम्मीदवारों की पहचान की है, जिन्होंने सरकारी पदों के लिए आवेदन करते समय इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और RTI के जरिए हासिल दस्तावेजों की भी पड़ताल की।
जांच में सामने आया कि 2016 से 2019 के बीच आयोजित बताई गई कई प्रतियोगिताएं ऐसे संगठनों ने कराई थीं, जिनका भारतीय कुराश एसोसिएशन (Indian Kurash Association) से कोई संबंध नहीं था।
पुलिस के अनुसार, फर्जी प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर भी कथित तौर पर स्कैन करके लगाए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह 2016 के बाद से सक्रिय था और अब तक 1000 से ज्यादा प्रमाणपत्र बांटे जाने की आशंका है।
कुराश मध्य एशिया से जुड़ा एक कुश्ती खेल है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। महाराष्ट्र में यह खेल 2012 से महाराष्ट्र कुराश एसोसिएशन के तहत खेला जा रहा है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फर्जी प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल से सरकारी नौकरी हासिल करने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और दस्तावेजों का पता लगाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।
Also Read: कानपुर नगर निगम में टेंडर घोटाले की नई शिकायत, ब्लैकलिस्ट फर्म को दोगुने रेट में दिया ठेका

