Prayagraj News: महिला मित्र के साथ रात में होटल पहुंचा फाइनेंस कंपनी का मैनेजर, सुबह कमरे में मिली लाश

Prayagraj News: प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक होटल में निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल इफको पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। मृतक सोमवार रात कथित महिला मित्र के साथ होटल में रुका था। सुबह उसकी हालत बिगड़ी तो होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी।

सरायममरेज थाना क्षेत्र के लोहगजरी खानपुर डांडी निवासी 44 वर्षीय महेंद्र कुमार भारतीय प्रतापपुर स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर था। पुलिस करीब आठ बजे होटल पहुंची और उसे अचेत हालत में सीएचसी फूलपुर ले गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला मित्र से पुलिस ने की पूछताछ

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर जांच की। होटल संचालक और महेंद्र के साथ कमरे में रुकी महिला से पूछताछ की गई। पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। जांच में पता चला कि महेंद्र कार से महिला मित्र के साथ सोमवार रात होटल आया था। दोनों रातभर कमरे में थे।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

पोस्टमॉर्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण

डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला का बयान दर्ज किया गया है और परिजनों से भी जानकारी ली गई है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि महेंद्र पहले भी महिला के साथ होटल गया था या नहीं।

पुलिस के अनुसार, तनाव या किसी पदार्थ के सेवन समेत अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.