फिलीपींस में टूरिस्ट स्पॉट के पास फेरी में भीषण आग, 5 की मौत, 87 लापता, 42 लोगों का रेस्क्यू

Philippines Ferry Fire: फिलीपींस के पलावन (Palawan) प्रांत में मशहूर पर्यटन स्थल कोरोन (Coron) के पास बुधवार शाम एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 87 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। फिलीपीन कोस्ट गार्ड के मुताबिक, समुद्र में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और लापता लोगों की संख्या आगे बदल सकती है।

आग M/V June Aster नाम की फेरी में लगी। कोस्ट गार्ड के मुताबिक, जहाज बुधवार शाम करीब 6:45 बजे कोरोन के नजदीक आग की लपटों में घिर गया। यह फेरी मनीला (Manila) के बेसको इलाके से कोरोन की ओर जा रही थी। हादसे के समय यह तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर थी। कोस्ट गार्ड द्वारा जारी वीडियो में फेरी का बड़ा हिस्सा आग की लपटों से घिरा दिखाई दिया।

134 लोग थे सवार, 42 का रेस्क्यू

कोस्ट गार्ड के अनुसार जहाज के मैनिफेस्ट में कुल 134 लोगों का रिकॉर्ड दर्ज था, जिनमें 117 यात्री और 17 क्रू सदस्य शामिल थे। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 42 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 38 यात्री और 4 क्रू सदस्य शामिल हैं। वहीं पांच लोगों के शव किनारे लाए जा चुके हैं।

कोस्ट गार्ड ने स्पष्ट किया है कि 87 लोगों के अभी लापता होने का आंकड़ा लाइव डेटा पर आधारित है। बचाव अभियान के दौरान यात्रियों की सही पहचान और संख्या सामने आने के साथ इसमें बदलाव संभव है। अधिकारियों के मुताबिक, कई बचाए गए लोगों से अभी पूरी जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।

खराब मौसम और तेज धाराओं से रेस्क्यू में चुनौती

हादसे के बाद कोस्ट गार्ड, स्थानीय प्रशासन, फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया। स्थानीय मछुआरों ने भी बचाए गए लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की। अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम, तेज लहरों और समुद्री धाराओं ने रेस्क्यू ऑपरेशन को मुश्किल बनाया है। तेज धाराओं के कारण जहाज अपने शुरुआती स्थान से भी आगे खिसक गया।

कोरोन पलावन का प्रमुख पर्यटन स्थल है और स्कूबा डाइविंग के लिए भी दुनियाभर में जाना जाता है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने लापता लोगों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बचाए गए लोगों में कुछ को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि कई का इलाज जारी है।

फेरी में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। Philippines कोस्ट गार्ड और संबंधित समुद्री एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं।

Also Read: UN के नए वर्ल्ड मैप पर विवाद, अरुणाचल, अक्साई चीन को अलग दिखाया, कश्मीर पर भी छिड़ी बहस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.