Lucknow News: पत्नी प्रेमी के साथ भागी तो पति ने कराई उसी से शादी, पहले हलफनामा फिर मंदिर में फेरे

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पीआरडी जवान ने पत्नी के प्रेमी के साथ रहने की जिद के बाद उसे रोकने के बजाय उसकी शादी उसी से करा दी। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

माल के एक गांव की युवती की शादी 8 मई 2025 को मलिहाबाद के एक गांव निवासी पीआरडी जवान से हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा। कुछ दिन पहले विवाहिता अचानक ससुराल से गायब हो गई। परिवार ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद मलिहाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

थाने में घंटों चली पंचायत

बुधवार को पुलिस ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया। प्रेमी भी माल इलाके का रहने वाला है। दोनों को थाने लाया गया, जहां मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंच गए।

कई घंटे तक बातचीत और पंचायत चली। माता-पिता और पति ने विवाहिता को समझाने की कोशिश की और लोकलाज का हवाला दिया। लेकिन उसने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। उसने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताने की बात कही।

पहले हलफनामा, फिर मंदिर में शादी

जब विवाहिता अपनी बात पर अड़ी रही तो पति और उसके परिवार ने अलग होने का फैसला लिया। कानूनी प्रक्रिया के लिए पहले नोटरी हलफनामा तैयार कराया गया और पति-पत्नी के संबंध विच्छेद की औपचारिकता पूरी की गई।

इसके बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थानीय परम शिवालय मंदिर में विवाहिता की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई। पीआरडी जवान ने खुद पत्नी का हाथ उसके प्रेमी को सौंपा। सात फेरे होने के बाद विवाहिता को प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.