रेहड़ी-पटरी वालों को मिलेगा ₹30,000 का UPI क्रेडिट कार्ड, 50 दिनों तक नहीं लगेगा ब्याज

PM SVANidhi Scheme: कोरोना काल में शुरू की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ रेहड़ी-पटरी लगाने वाले विक्रेताओं को मिलता है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को तीन चरणों में लोन दिया जाता है। पहली किस्त 15 हजार रुपये, दूसरी 25 हजार रुपये और तीसरी किस्त 50 हजार रुपये तक होती है।

इसके अलावा योजना में ब्याज सब्सिडी और क्रेडिट गारंटी सहायता भी दी जाती है। पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को 30 हजार रुपये तक का UPI-लिंक्ड RuPay क्रेडिट कार्ड भी दिया जाता है।

30 हजार तक बढ़ सकती है क्रेडिट लिमिट

क्रेडिट कार्ड की शुरुआती ऑपरेटिंग लिमिट 10 हजार रुपये रखी जाएगी। कार्ड के इस्तेमाल और भुगतान का रिकॉर्ड संतोषजनक रहने पर इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 30 हजार रुपये तक किया जा सकता है।

कार्ड में इंटरेस्ट-फ्री क्रेडिट पीरियड की सुविधा भी है। जारी करने वाली संस्था की नीति के अनुसार यह अवधि 20 से 50 दिन तक हो सकती है। तय अवधि में बकाया चुकाने पर ब्याज से राहत मिल सकती है। कार्ड की वैधता जारी होने की तारीख से 5 साल होगी।

UPI से भुगतान और ऑटो पे की सुविधा

यह क्रेडिट कार्ड लाभार्थी की UPI ID से लिंक किया जा सकता है। इससे उपलब्ध क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल UPI के जरिए भुगतान में किया जा सकेगा। ECS, NACH और ऑटोपे की सुविधा से तय तारीख पर पूरा देय बिल बैंक खाते से अपने आप जमा किया जा सकता है।

यह योजना जून 2020 में शुरू हुई थी। इसे आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय और वित्तीय सेवा विभाग की संयुक्त जिम्मेदारी के तहत लागू किया जाता है। सरकार ने योजना को पुनर्गठित कर लोन देने की अवधि मार्च 2030 तक बढ़ा दी है। इसके दायरे में सड़क, फुटपाथ या अन्य जगहों पर सब्जी, फल, स्ट्रीट फूड बेचने वाले तथा नाई, मोची और लॉन्ड्री जैसी सेवाएं देने वाले लोग शामिल हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.