‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ BJP पर संजय सिंह का हमला, बोले- नफरत से भटका रही जनता का ध्यान
Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को वीडियो जारी कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को तंज में ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ कहा। आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों जैसे मुद्दों से हटाने की कोशिश हो रही है।
संजय सिंह ने सवाल किया कि यूपी में बच्चों को मिड-डे मील में नमक-रोटी क्यों खानी पड़ती है और अस्पतालों में मोमबत्ती की रोशनी में ऑपरेशन क्यों होते हैं। उन्होंने गड्ढों वाली सड़कों, उद्घाटन से पहले पानी की टंकियां ढहने और रोजगार मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज का भी मुद्दा उठाया।
सहारनपुर के बाद कई जिलों का जिक्र
संजय सिंह ने सहारनपुर में पुरानी मस्जिद से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि तनाव पैदा करने की कोशिश हुई। उन्होंने दावा किया कि पुराने दस्तावेज होने के बावजूद मस्जिद गिराई गई। उनके मुताबिक, हिंदू-मुस्लिम लोगों ने साथ खड़े होकर कथित साजिश को नाकाम किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर के बाद मुजफ्फरनगर, संभल, मुरादाबाद और मेरठ में भी मस्जिदों और दरगाहों को लेकर विवाद खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने दोनों समुदायों से उकसावे में नहीं आने की अपील की।
‘गोदी मीडिया’ पर भी निशाना
संजय सिंह ने ‘गोदी मीडिया’ पर धार्मिक मुद्दों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और रवांडा के ‘रेडियो रवांडा’ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया को स्कूल, अस्पताल, रोजगार, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता का मतलब है कि हिंदू मुसलमान के अधिकार के लिए और मुसलमान हिंदू के अधिकार के लिए खड़ा हो। संजय सिंह ने युवाओं, किसानों और आम लोगों से अपील की कि वे शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, महंगाई और विकास के आधार पर वोट करें।
Also Read: सपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई योगी सरकार, अखिलेश बोले- 2027 में जाएगी BJP

