Siddharthnagar News: सेवा संकल्प अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर, जनप्रतिनिधियों ने किया फल वितरण
Siddharthnagar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर में रक्तदान शिविर एवं फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके जन्मदिन के अवसर पर एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों को महादानी बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में 36 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 84 हो गई है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना के लिए घरों पर आशीर्वाद का दीप जलाने तथा विकसित भारत और विकसित सिद्धार्थनगर के निर्माण में निरंतर योगदान देने की अपील की।
विधायक श्यामधनी राही ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय से देश की सेवा कर रहे हैं और देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के संकल्पों को पूरा करने में सहयोग करने की अपील की।

जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन में सेवा का संकल्प लिया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकास खंडों में शिविर लगाकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने भी लोगों से घरों पर आशीर्वाद का दीप जलाने की अपील की।
इस दौरान सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया और मेडिकल कॉलेज में मरीजों को फल वितरित किए। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि सत्यप्रकाश राही, उपेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे, पीडी अनिल कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सेवा, संवेदना और जनसहभागिता से साकार होगा स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत: प्रो. कविता शाह

