लखनऊ में लोन रिकवरी की धमकी के बाद बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने एजेंट पर लगाया आरोप
Lucknow Senior Citizen Death: लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में बैंक लोन की रिकवरी को लेकर कथित धमकी के बाद एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। रामनगर निवासी 55 वर्षीय अबरार अली की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घर पहुंचे रिकवरी एजेंट ने उन्हें मकान जब्त करने की बात कहकर धमकाया था।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से अबरार अली काफी तनाव में थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें Lucknow के एरा अस्पताल (Era Hospital) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घर पहुंचकर चस्पा किया था रिकवरी नोटिस
अबरार अली की पत्नी अफसाना बानो और दामाद मोहम्मद आसिफ के मुताबिक, करीब चार दिन पहले एक बैंक रिकवरी एजेंट उनके घर पहुंचा था। एजेंट ने मकान पर रिकवरी नोटिस चस्पा किया और कथित तौर पर मकान जब्त करने की बात कहते हुए अबरार अली को धमकाया।
परिजनों का कहना है कि अबरार ने होम लोन की कई किस्तें पहले ही जमा कर दी थीं। इसके बावजूद मकान जब्त किए जाने की बात सुनकर वह मानसिक रूप से परेशान हो गए। आरोप है कि धमकी के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपों की जांच
एडीसीपी धनंजय कुशवाहा ने बताया कि अफसाना बानो और मोहम्मद आसिफ ने आरोप लगाया है कि रिकवरी एजेंट की तीखी धमकियों और उससे पैदा हुए मानसिक तनाव के कारण अबरार अली को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों के आरोपों को जांच में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: लखनऊ में गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर युवक ने दी जान, कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पीया, फिर मारी गोली

