लखीमपुर खीरी: सेवा संकल्प अभियान के तहत जलाए गए 20 हजार से अधिक दीप
Lakhimpur News: प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के अंतर्गत विकास खंड नकहा की 73 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत 20 हजार से अधिक दीप जलाकर स्वच्छता एवं जनकल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत प्रशासक पवन गुप्ता, खंड विकास अधिकारी नकहा संगीता यादव तथा ग्राम प्रशासकों व ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति में ग्राम अमृतपुर में मनरेगा के अंतर्गत निर्मित एनआरएलएम वर्कशेड एवं पीडीएस गोदाम तथा शैलगांव स्थित पीडीएस गोदाम एवं पंचायत भवन पर भव्य दीप प्रज्वलन किया गया।
इसके अलावा विकास खंड नकहा की सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों, पीडीएस गोदामों, आवास योजना के लाभार्थियों के घरों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा स्वच्छता अभियान को अपनाते हुए दीप जलाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसहभागिता को बढ़ावा मिल सके।
रिपोर्ट – कौशलेंद्र कुमार शुक्ला
Also Read: ऊंची इमारत में आग लगने की स्थिति से निपटने को लेकर धौरहरा में आयोजित हुई मॉक ड्रिल

