गाजीपुर में 30 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, मां-बेटे की मौत, 3 की हालत गंभीर
Ghazipur Scorpio Accident: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलिया से वाराणसी जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जंगीपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार देर रात करीब 12 बजे के बाद हुआ। स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे और सभी बलिया से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जंगीपुर इलाके में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई और उसे तोड़ते हुए खाई में पलट गई।
जिला अस्पताल में मां-बेटे की मौत
हादसे (Ghazipur Scorpio Accident) के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बलिया निवासी क्षमा उपाध्याय (55) और उनके बेटे अनमोल उपाध्याय (28) को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (Varanasi) रेफर कर दिया गया।
तेज रफ्तार से हादसे की आशंका
जंगीपुर थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो के तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होने की आशंका सामने आई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने भी हादसे में पांच लोगों के सवार होने की पुष्टि की। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: दिल्ली ब्लास्ट की प्रैंक कॉल करना पड़ा भारी, कानपुर से दो भाइयों को ATS ने पकड़ा

