चक्रवात मुरासु का आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल पूरा, छह जिले सबसे अधिक प्रभावित
Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराया चक्रवात मुरासु (Murasu) का लैंडफॉल प्रोसेस मंगलवार सुबह लगभग 9:00 बजे पूरा हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने स्थिति से निपटने के लिए आंध्र प्रदेश में अपनी 14 टीमों को तैनात कर दिया है। राहत की बात यह है कि चक्रवात के टकराने के बाद भी अब तक किसी भी जान-माल के बड़े नुकसान या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मुस्तैद
एनडीआरएफ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) मोहसेन शाहेदी ने मीडिया को बताया कि आंध्र प्रदेश के छह जिलों को चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों के रूप में चिन्हित किया गया है। पड़ोसी राज्य तमिलनाडु से भी 3 अतिरिक्त टीमों को मदद के लिए भेजा गया है। एनडीआरएफ की टीमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्थानीय जिला प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर बचाव व राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
पांच राज्यों पर असर, धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा तूफान
चक्रवात के व्यापक प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तरी तमिलनाडु में भी एनडीआरएफ की टीमें एहतियातन तैनात की गई हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सिस्टम अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। आधी रात तक इस चक्रवात के साइक्लोनिक स्टॉर्म से घटकर डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है, जिससे आंध्र प्रदेश के बाहरी राज्यों में इसका खतरा और असर काफी कम हो जाएगा।
Also Read: सुलतानपुर में खनन माफियाओं का दुस्साहस, नायब तहसीलदार का पैर तोड़ा, दो लेखपालों को बंधक बनाकर पीटा

