सपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई योगी सरकार, अखिलेश बोले- 2027 में जाएगी BJP

Akhilesh Yadav: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। सपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने सरकार को देश की सबसे अलोकतांत्रिक सरकार बताया। अखिलेश ने कहा कि सपा की बढ़ती लोकप्रियता से सरकार घबराई हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा सरकार की विदाई तय है और यह सपा का संकल्प है।

अखिलेश ने कहा कि सपा चुनाव के लिए सिर्फ प्रदेश का घोषणा पत्र नहीं बनाएगी, बल्कि हर जिले का अलग घोषणा पत्र तैयार करेगी। इसमें स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और जनता के मुद्दों को शामिल किया जाएगा।

‘हेलीकॉप्टर रोकने के लिए पानी भरने का बहाना’

अखिलेश ने बुलंदशहर में पार्टी के कार्यक्रम और हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मैदान की अनुमति को लेकर आश्वासन दिए गए और बाद में सावन का हवाला देकर कार्यक्रम आगे बढ़ाने को कहा गया। कार्यक्रम स्थगित करने के बाद भी अनुमति नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन के हेलीपैड में पानी भरने की बात कही गई। अखिलेश ने वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि वहां पानी नहीं था। उन्होंने कहा, “सरकार जितनी पाबंदी लगाना चाहे लगा सकती है, लेकिन 2027 में यह सरकार जाने वाली है।”

महंगाई, आरक्षण और सांप्रदायिक मुद्दों पर भी हमला

अखिलेश ने कहा, “हमने इससे खराब सरकार नहीं देखी।” उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों पर मुकदमे और विपक्ष के कार्यक्रमों पर रोक लगाई जा रही है। भाजपा पर सांप्रदायिक माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया।

झांसी की घटना का जिक्र कर उन्होंने कहा कि पैसे के अभाव में एक व्यक्ति को पत्नी का शव बेतवा नदी में बहाना पड़ा। उन्होंने सवाल किया, “यह कैसी जीडीपी है?” अखिलेश ने आरोप लगाया कि आर्थिक विकास का फायदा आम लोगों के बजाय सरकार के करीबियों को मिल रहा है।

उन्होंने भाजपा पर आरक्षण विरोधी होने और मदरसों पर नजर रखने का भी आरोप लगाया। साथ ही जलभराव, खराब सड़कों और सरकारी प्रचार पर निशाना साधते हुए कहा, “तानाशाही भी जाने वाली है और दानाशाही भी जाने वाली है।”

आकाश आनंद के ‘अंकल’ बयान पर उन्होंने तंज कसा कि इसका मतलब ‘फूफा’ भी हो सकता है और पूछा, “ये फूफा कौन है?” हालांकि उन्होंने इसे बसपा का अंदरूनी मामला बताया। वहीं, सपा कार्यालय के बाहर लगे Gen-Z पोस्टर पर अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में Gen-Z का सबसे ज्यादा वोट सपा को मिलेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.