प्रियंका गांधी के AI डीपफेक वीडियो से ठगी की कोशिश, कार्यालय ने जारी किया स्कैम अलर्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: वायनाड से सांसद और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम और आवाज का इस्तेमाल कर साइबर ठग लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रियंका गांधी के कार्यालय ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर आधिकारिक स्कैम अलर्ट जारी किया है। कार्यालय ने जानकारी दी कि वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रियंका गांधी की एआई (AI) जनरेटेड फर्जी तस्वीरें और आवाज वाले वीडियो तेजी से फैलाए जा रहे हैं। इन भ्रामक वीडियो में लोगों को एक फर्जी योजना के जरिए पैसे निवेश करने का लालच दिया जा रहा है।

लिंक पर न करें क्लिक, तुरंत करें रिपोर्ट

प्रियंका गांधी के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि ये सभी वीडियो पूरी तरह से फर्जी और स्कैम हैं। सांसद दफ्तर ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी योजना में पैसे निवेश करें। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि इस तरह के फर्जी पोस्ट और वीडियो नजर आने पर उन्हें तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करें।

इससे पहले निर्मला सीतारमण का भी बना था फेक वीडियो

उल्लेखनीय है कि इसी साल अगस्त में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम से भी ऐसा ही एक एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो सामने आया था। उस वीडियो में दावा किया जा रहा था कि महज 22,000 रुपये के शुरुआती निवेश पर प्रति सप्ताह 5.5 लाख रुपये की मोटी कमाई होगी। पीआईबी (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने जांच के बाद इस वीडियो को पूरी तरह फर्जी करार दिया था और स्पष्ट किया था कि वित्त मंत्री ने ऐसी किसी भी निवेश योजना का समर्थन नहीं किया है।

Also Read: सीबीआई को मिली बड़ी सफलता, अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया 10 साल से फरार आरोपी हरनेक सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.