सपा मुख्यालय के बाहर लगा पोस्टर, जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां अभी से अपनी चुनावी रणनीतियां को धार देने में जुट गई हैं, जिसमें इस बार सबका मुख्य फोकस युवा और जेन-जी (Gen-Z) वोटर्स पर है। इसी क्रम में गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर लगा एक नया पोस्टर प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

सरोजिनी नगर विधानसभा से केशव प्रसाद रावत द्वारा लगवाए गए इस बड़े पोस्टर पर लिखा है- जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश। बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता में अब नई पीढ़ी है। युवाओं और नए मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए सपा जल्द ही राज्य भर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और हॉस्टल्स में दो हफ्ते का विशेष छात्र जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। अखिलेश यादव के अनुसार, इसका मकसद केवल नए सदस्य बनाना नहीं, बल्कि कैंपस में जाकर युवाओं के मुद्दों को सुनना और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है।

नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी

युवाओं से जुड़ने की इस रणनीति के तहत पार्टी ऑफिस में समाजवादी छात्र सभा के लिए एक नया और आधुनिक ड्रेस कोड लॉन्च किया गया। नई यूनिफॉर्म में छात्र सभा के कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आएंगे, जो अब छात्र सभा की आधिकारिक ड्रेस होगी। नये लुक पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, नीला रंग युवाओं का रंग है, नई पीढ़ी का रंग है, बहुजन समाज का रंग है और यह अन्याय के खिलाफ लड़ाई का रंग है। नीला रंग बहुजन समाज के साथ-साथ एक प्रगतिशील विचारधारा को भी दर्शाता है। नई पीढ़ी की सोच नई है, इसलिए उनका अंदाज भी नया होना चाहिए।

Also Read: प्रियंका गांधी के AI डीपफेक वीडियो से ठगी की कोशिश, कार्यालय ने जारी किया स्कैम अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.