‘भाजपा एक संगठित गिरोह’, अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को दिया बूथ जीतो मंत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उसे एक ‘संगठित गिरोह’ करार दिया है। बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) के लिए सुरक्षित सीटों के पूर्व प्रत्याशियों और प्रमुख नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया।
“नफरत फैलाना भाजपा का एजेंडा, कार्यकर्ताओं से कर रही दुश्मनों जैसा व्यवहार”
अखिलेश यादव ने भाजपा के आचरण को निम्न स्तरीय बताते हुए कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा समाज में नफरत फैलाना और दूरियां बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के बजाय दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रहा है। सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए केवल झूठ और प्रोपेगेंडा का सहारा लेती है।”

सपा सुप्रीमो ने महिला आरक्षण कानून को लेकर भाजपा के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पास हो चुका है और कानून बन गया है, लेकिन भाजपा नेता इसका राजनीतिक लाभ लेने के लिए अभी भी झूठ बोल रहे हैं और जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं।

“बूथ पर लड़ना होगा चुनाव, दूसरों पर भरोसा नहीं”
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में भाजपा की हार तय है और वह अभी से ‘विपक्ष’ की मानसिकता में आ चुकी है। उन्होंने जीत के लिए विशेष निर्देश दिए कि चुनाव जमीन पर और बूथ स्तर पर लड़ा जाएगा, इसलिए हर बूथ को मजबूत करना होगा। अपनी ताकत पर भरोसा करें, दूसरों के भरोसे न रहें। 2022 में भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था से खिलवाड़ किया था, इस बार वैसी चूक नहीं होनी चाहिए।

बैठक में प्रमुख मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने फिर दोहराया कि समाजवादी पार्टी ‘सामाजिक न्याय’ की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और यह एकजुटता ही भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
Also Read: ‘वोटर लिस्ट’ पर आर-पार: सपा ने निर्वाचन आयोग को घेरा, कहा- योग्य मतदाताओं को बनाया जा रहा अयोग्य

