योगी सरकार की डिजिटल क्रांति, 50 हजार महिलाएं मोबाइल ऐप से चला रहीं डेयरी बिजनेस
UP News: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। पूर्वांचल के सात जिलों वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया और भदोही में करीब 50 हजार महिलाएं अब डिजिटल डेयरी नेटवर्क के जरिए दुग्ध कारोबार चला रही हैं। इस पूरी व्यवस्था का संचालन ‘काशी दुग्ध उत्पादक संस्था’ और मोबाइल एप ‘काशी ई-डेयरी’ के माध्यम से किया जा रहा है।
गांवों में बने संग्रह केंद्रों पर दूध की मात्रा और गुणवत्ता की जांच डिजिटल मशीनों से होती है। पूरा रिकॉर्ड मोबाइल एप पर तुरंत दर्ज हो जाता है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। महिलाएं दूध संग्रह, फैट जांच, बिक्री और भुगतान जैसी सभी प्रक्रियाएं खुद संभाल रही हैं।
DBT से सीधा भुगतान और आत्मनिर्भरता
इस डिजिटल मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पशुपालकों को हर 10 दिन में सीधे बैंक खाते में DBT के जरिए भुगतान मिलता है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है और किसानों को सही दाम मिलने लगा है। रोजाना दो लाख लीटर से अधिक दूध का डिजिटल लेनदेन किया जा रहा है।
इस व्यवस्था से करीब 12 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। नियमित आय और तकनीकी जानकारी ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। अब वे केवल पशुपालन नहीं, बल्कि पूरे व्यवसाय का डिजिटल संचालन कर रही हैं।

