ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, बसपा के पूर्व MLC शाहनवाज राणा के ठिकानों से 2 करोड़ कैश बरामद
ED Raid: करोड़ों रुपये की कथित GST चोरी (GST Fraud) और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (Fake ITC) के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पूर्व बसपा MLC शाहनवाज राणा (Shahnawaz Rana) समेत कई आरोपियों के मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की गई।
ED की कार्रवाई के दौरान शाहनवाज राणा के मुजफ्फरनगर स्थित आवास और गाजियाबाद की सुधा स्टील से करीब 2 करोड़ रुपये की नकदी, संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। देर शाम तक कई ठिकानों पर जांच जारी थी।
20 करोड़ की कथित GST चोरी की जांच
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई शाहनवाज राणा और उनके बेटे से जुड़ी जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड (Jambudweep Export and Import Ltd.) में कथित फर्जी ITC क्लेम से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है।
ED ने मुजफ्फरनगर में Shahnawaz Rana के घर, उनके चाचा एवं पूर्व विधायक नूर सलीम राणा के आवास, स्टील फैक्ट्री मालिक संजय जैन के घर और द्वारिकापुरी व नई मंडी स्थित पूर्व चेयरमैन अनिल तायल के परिसरों की तलाशी ली। कंपनी के मुख्य कार्यालय, एक रोलिंग मिल और शाहनवाज राणा के चार्टर्ड अकाउंटेंट से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में रहे।
बिना माल के फर्जी बिल, करोड़ों का ITC?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कंपनी पर आरोप है कि बिना वास्तविक माल की आवाजाही (Fake Invoicing) के जाली इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए फर्जी ITC तैयार किया गया और उसे आगे पास किया गया।
जांच में कथित तौर पर कई फर्जी या अस्तित्वहीन कंपनियों के जरिए सर्कुलर ट्रांजेक्शन (Circular Transactions), फंड की लेयरिंग और कैश निकासी के संकेत मिले हैं।
GST अधिकारियों की जांच में करीब 9.63 करोड़ रुपये का ITC गलत तरीके से लेने और 10.28 करोड़ रुपये का ITC आगे पास करने की बात सामने आई थी। अब ED कथित अपराध से अर्जित रकम से खरीदी गई चल-अचल संपत्तियों का भी पता लगा रही है।

