UP में गोरक्षा के नाम पर 50 लाख की रंगदारी! हिंदू गोरक्षा दल का युवा जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गोरक्षा के नाम पर कथित रंगदारी और लूट का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में हिंदू गोरक्षा दल के युवा जिलाध्यक्ष हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर स्क्रैप (कबाड़) से भरी पिकअप को हाईवे पर रोककर चालक और परिचालक को बंधक बनाया, फिर वाहन मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बाद में सौदा 12 लाख रुपये में तय हुआ और आरोपियों ने 9 लाख रुपये वसूल लिए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पिकअप, करीब 10 क्विंटल स्क्रैप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले के मुख्य आरोपी समेत कई अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
ड्राइवर और हेल्पर को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह देहरादून से स्क्रैप लेकर आ रही पिकअप को छपार थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी कट के पास कार और बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोपियों ने चालक लारेब और परिचालक अनीश अहमद को हथियार दिखाकर धमकाया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और पिकअप को एक सुनसान जगह ले जाकर खड़ा कर दिया।
50 लाख मांगे, 9 लाख लेकर छोड़ा
इसके बाद बदमाशों ने परिचालक के मोबाइल से दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी पिकअप मालिक जफर को व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। लंबी बातचीत के बाद रकम 12 लाख रुपये पर तय हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मालिक को मुजफ्फरनगर बुलाकर एक ढाबे पर मिले और उससे 9 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर उन्हें छोड़ दिया।
पीड़ित की शिकायत पर 22 जुलाई को छपार थाने में लूट और रंगदारी का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान टीचर्स कॉलोनी के पास से हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सुमित (धौलाना, हापुड़), सुशील, युद्धि और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी इससे पहले भी रंगदारी की कई घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी समेत छह से अधिक फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Also Read: सुप्रीम कोर्ट से UP सरकार को बड़ा झटका, 25 हजार अनुदेशकों को देना होगा 2017 से बढ़ा मानदेय

