JPSC आंदोलन पर हेमंत सोरेन की पहल, बातचीत के लिए छात्रों को बुलाया CM हाउस
JPSC Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बुधवार को नया घटनाक्रम सामने आया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर सरकार की ओर से दो अधिकारी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और प्रदर्शनकारी छात्रों को बातचीत का प्रस्ताव दिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की ओर से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को सीएम हाउस आने का न्योता दिया। हालांकि छात्रों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर फैसला लेने के लिए उन्हें दो घंटे का समय चाहिए।
CM बोले- युवाओं की हर बात गंभीरता से सुनी जाएगी
सरकार की ओर से एसडीएम कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार प्रदर्शन स्थल पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने कहा कि वे चाहते हैं कि मुख्यमंत्री उनसे सीधे प्रदर्शन स्थल पर आकर बातचीत करें। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पेपर लीक सिर्फ झारखंड की नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं से जुड़ी गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद केवल जांच कराना नहीं, बल्कि युवाओं को ठोस समाधान देना है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार के दरवाजे हमेशा बातचीत के लिए खुले हैं।
आंदोलन जारी, बढ़ी भूख हड़ताल करने वालों की संख्या
25 जुलाई से शुरू हुए इस आंदोलन में प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने, JSSC में सुधार और भर्ती परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं की जांच CBI या राज्य से बाहर के हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के स्वतंत्र पैनल से कराने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार रात दो महिलाओं समेत पांच और प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। इसके बाद अनशन पर बैठे लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सदस्य देवेंद्रनाथ महतो भी लगातार भूख हड़ताल पर बने हुए हैं।

