लखीमपुर खीरी: सिंगाही पुलिस ने पैदल गश्त कर सुरक्षा का दिलाया भरोसा, थाना प्रभारी बोले- माहौल बिगाड़ा तो होगी जेल

Sandesh Wahak Digital Desk: लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही कस्बे में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार को पैदल रूट मार्च निकाला। थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के मुख्य मार्गों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जनता को सुरक्षा का एहसास कराया।

महारानी सूरथ कुमारी मार्ग पर पुलिस की धमक

रविवार को पुलिस की टीम जैसे ही सड़कों पर उतरी, कस्बे में हलचल मच गई। थाना प्रभारी ने टीम के साथ कस्बे के सबसे प्रमुख मार्ग महारानी सूरथ कुमारी मार्ग सहित बाजार, भीड़भाड़ वाले चौराहों और गलियों में पैदल गश्त की।

मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत की। उन्होंने अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के मन से भय को दूर करना और पुलिस के प्रति विश्वास को बढ़ाना था।

असामाजिक तत्वों को सीधी चेतावनी

गश्त के दौरान थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

मार्च में शामिल रहे ये अधिकारी

इस पैदल रूट मार्च में थाना प्रभारी के साथ दरोगा आशुतोष सिंह, दरोगा कृष्ण चंद तिवारी, दरोगा गंगा सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल और होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।

Also Read: राहुल-प्रियंका के भरोसेमंद सोहेल अंसारी को मिली यूपी की जिम्मेदारी, क्या 2027 में बदलेगी अल्पसंख्यकों की चुनावी पसंद?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.