रहीमाबाद में दो घरों में 20 लाख की चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे थे जेवर और नकदी
Lucknow News: लखनऊ के रहीमाबाद में चोरों ने बीती रात ग्राम मनकौटी के दो घरों को निशाना बनाया। चोर जीने के रास्ते से अंदर दाखिल हुए और करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
चोरों ने पहले पड़ोसी सुरेश और महेश के घर के जीने से टीन शेड हटाया और रामकुमार के घर में घुस गए। तीन कमरों के ताले तोड़कर अलमारी से नकदी और जेवरात चोरी किए। इसके बाद सुनील के घर में भी जीने के रास्ते से दाखिल हुए। चोरों ने पड़ोसी संतोष के घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके।
शादी के लिए रखे थे लाखों के जेवर
सुनील की पत्नी अंशु देवी घटना के समय घर में अकेली थीं। उनके बच्चे मलिहाबाद के हटौली गांव में मौसी के घर मेला देखने गए थे। सुनील इंदौर की केला फैक्ट्री में काम करते हैं।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे परिजनों के जागने पर चोरी का खुलासा हुआ। कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा था। चोरी के रास्ते का टीन शेड भी उखड़ा मिला।
कुएं के पास मिला बैग, खेत में पैरों के निशान
तलाशी में ललित के खेत से खाली बक्सा मिला। नलकूप की बोरिंग के पास करीब 30 फीट गहरे कुएं में छोटा बैग और जेवरों के डिब्बे मिले। करीब 100 मीटर आगे बुद्धा के धान के खेत में पैरों के निशान और खराब फसल मिली।
रामकुमार की पत्नी सुशीला ने बताया कि अलमारी से साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब साढ़े 9 लाख रुपये के जेवर गायब हैं। अक्टूबर में नवरात्र के दौरान बेटी की शादी है और यह सामान उसी के लिए रखा था। ग्रामीणों को आशंका है कि वारदात किसी बड़े गिरोह ने की है।
Also Read: रेहड़ी-पटरी वालों को मिलेगा ₹30,000 का UPI क्रेडिट कार्ड, 50 दिनों तक नहीं लगेगा ब्याज

