मरते दम तक BJP का करेंगे विरोध, भाजपा में जाने की अटकलों पर महुआ ने दिया जवाब

TMC MP Mahua Moitra: पश्चिम बंगाल की राजनीति में हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर लगातार उठ रही चर्चाओं के बीच पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर पहली बार खुलकर जवाब दिया है। शुभेंदु अधिकारी की तारीफ के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या महुआ भी पार्टी छोड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

‘मरते दम तक भाजपा का विरोध करेंगे’

बीबीसी हिंदी को दिए एक इंटरव्यू में महुआ मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी युवा अवस्था और जीवन राजनीति को समर्पित किया है। उनका मकसद एक ऐसे भारत को मजबूत करना है, जहां सभी लोग मिल-जुलकर रहें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा दिया है और कहा कि वह मरते दम तक भाजपा का विरोध करती रहेंगी। उन्होंने साफ किया कि भाजपा में जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

क्यों की शुभेंदु अधिकारी की तारीफ

इसी इंटरव्यू में महुआ ने अपने पुराने राजनीतिक सहयोगी और वर्तमान में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब दोनों एक ही पार्टी में थे, तब शुभेंदु ने उनका काफी सहयोग किया था। करीमपुर विधानसभा चुनाव में प्रचार करने से लेकर कठिन समय में उनका साथ देने तक की बातें उन्होंने साझा कीं। हालांकि, बयान के बाद विवाद बढ़ने पर महुआ ने सफाई देते हुए कहा कि उनके इंटरव्यू की कुछ बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।

भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप

महुआ मोइत्रा ने समान नागरिक संहिता (UCC) और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावित विधेयक को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि डर और विभाजनकारी राजनीति के जरिए विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बैठकें और रैलियां करने से रोका जा रहा है। यह बयान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.