UP: अब राशन की दुकान पर सिर्फ अनाज नहीं, मिलेगी कुर्सी, पानी और गुड़-पेठे की सुविधा
UP Ration News: उत्तर प्रदेश में सरकारी राशन लेने वाले करोड़ों कार्डधारकों के लिए सरकार ने नई पहल की है। अब उचित दर की दुकानों पर सिर्फ राशन ही नहीं मिलेगा, बल्कि लाभार्थियों के सम्मान और सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा। सरकार ने फैसला किया है कि राशन वितरण के दौरान दुकानों पर बैठने के लिए कुर्सियों, स्वच्छ पेयजल और गुड़ या पेठा जैसी सत्कार व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इस पूरी व्यवस्था का खर्च कोटेदारों पर नहीं डाला जाएगा, बल्कि सरकार इसकी भरपाई करेगी।
UP में करीब 3.65 करोड़ Ration कार्डधारकों को हर महीने सरकारी राशन मिलता है। सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई जगह लाभार्थियों के बैठने, पीने के पानी और सम्मानजनक व्यवहार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
कोटेदारों को मिलेगा अलग बजट
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय के अनुसार, कोटेदार अपने स्तर पर कुर्सियों की व्यवस्था करेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें सरकार से निर्धारित राशि दी जाएगी। राशन वितरण के दिन लाभार्थियों को पीने के पानी के साथ गुड़ या पेठा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए भी अलग से वित्तीय सहायता मिलेगी। सरकार का अनुमान है कि इस योजना पर करीब 60 करोड़ रुपये सालाना खर्च होंगे।
राजनीतिक जानकार इस फैसले को विधानसभा चुनाव से पहले लाभार्थियों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने की कोशिश के तौर पर भी देख रहे हैं। UP सरकार का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता और लाभार्थियों के सम्मान को बढ़ाने के लिए यह पहल की जा रही है।
Also Read: UP के लाखों शिक्षकों को राहत, कार्यरत शिक्षकों के लिए होगी स्पेशल TET, सरकार ने जारी किए निर्देश

