चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर मालवाहक जहाज में भीषण आग, 20 लोगों की मौत, 5 लापता

China Qingdao Port Ship Fire: चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर मरम्मत के लिए खड़े एक मालवाहक जहाज में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। चीनी सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को हादसे की जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ (Xinhua) की रिपोर्ट और तस्वीरों के मुताबिक, आग ‘ओशन मेलोडी’ (Ocean Melody) नाम के मालवाहक पोत में लगी। वेसलफाइंडर के डेटा के अनुसार, जहाज लाइबेरिया (Liberia) के झंडे के तहत पंजीकृत था।

हादसे के समय जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे। राहत और बचाव दल ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, 5 लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

मरम्मत के दौरान अचानक भड़की आग

चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार, ‘ओशन मेलोडी’ को मरम्मत के लिए चीन के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित किंगदाओ बंदरगाह पर खड़ा किया गया था। जहाज की रिपेयरिंग बेहाई शिप बिल्डिंग कंपनी (Beihai Shipbuilding) के यार्ड में चल रही थी।

स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे जहाज से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब दोपहर 2:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कर्मचारियों को आग बुझाने की कोशिश करते देखा गया।

शी जिनपिंग ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश

हादसे (China Qingdao Port Ship Fire) के बाद लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) ने राहत एवं बचाव टीमों को जहाज में फंसे और लापता लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ली च्यांग (Li Qiang) ने भी राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। शी जिनपिंग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।

CSSC की कंपनी के यार्ड में हुआ हादसा

जिस बेहाई शिप बिल्डिंग कंपनी के यार्ड में आग लगी, वह चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन का हिस्सा है। CSSC को दुनिया की सबसे बड़ी शिपबिल्डिंग कंपनियों में गिना जाता है और यह नए जहाज बनाने के साथ पुराने जहाजों की मरम्मत का काम भी करती है।

फिलहाल प्रशासन आग लगने की वजहों की जांच कर रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

Also Read: फिलीपींस में टूरिस्ट स्पॉट के पास फेरी में भीषण आग, 5 की मौत, 87 लापता, 42 लोगों का रेस्क्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.