Gonda News: अल्पसंख्यक कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, फूंका आतंकवाद का पुतला
खोरहंसा में मुस्लिम समाज के लोगों ने लगाए आतंकवाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
Sandesh Wahak Digital Desk: गोण्डा जिले में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सगीर अहमद खान व प्रदेश सचिव शादाब खान एडवोकेट के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया और आतंकवाद का पुतला फूंका गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने शिरकत कर पाकिस्तान और आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। लोगों ने मारे गए नागरिकों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर भारत सरकार से मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की।
शनिवार की देर शाम गोण्डा-अयोध्या हाईवे पर खोरहंसा कस्बे में स्थित अल्पसंख्यक कांग्रेस के कैम्प कार्यालय से सैकड़ों की तादाद में मुस्लिम समाज के लोग इकट्ठा हुए और कैंडल मार्च निकालकर गांधी मैदान पहुंचे, जहां आतंकवाद का पुतला फूंका गया। इस दौरान लोग भावुक नजर आए। आतंकी घटना को लेकर उनमे गम और गुस्सा दिखाई दे रहा था। मुस्लिम समाज के लोगों ने आतंकवाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए तथा पहलगाम में मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए गांधी मैदान में प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया।
आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जाना जरूरी
जिलाध्यक्ष सगीर खान ने कहा कि भारत सरकार को बदला लेने में देर नहीं करनी चाहिए। आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जाना जरूरी है। सही मायने में तभी आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रदेश सचिव शादाब खान ने कहा कि सठे पाठ्यम समाचरेत। सरकार को तत्काल सर्जिकल स्ट्राइक करनी चाहिए। यह वक्त की मांग है। देश का बच्चा-बच्चा सरकार के साथ है। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी, अरविंद शुक्ला, अब्दुल सलीम, वसीम अहमद, शहजादे मेवाती, शमशाद अहमद, अब्दुल्ला खान, निजाम हाशमी, शहजादे सलीम, मुख्तार अहमद, मुंजीर मोदी, वजीर बाबा, आवेश, राजा बाबू, हरिराम वर्मा, कदीर, फज्जू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Also Read: शाहजहांपुर में बनी देश की पहली नाइट लैंडिंग हवाई पट्टी, फाइटर प्लेन भी कर सकेंगे अभ्यास

