Bahraich News: लेखपाल अफजाल को कैसरगंज तहसील से दी गई भावभीनी विदाई

Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के तहसील कैसरगंज में शनिवार को एक भव्य विदाई समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त लेखपाल अफजाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह तहसील सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें अफजाल के शानदार कार्यकाल को याद किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई।

गौरतलब है कि अफजाल 30 अप्रैल को लेखपाल पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी विदाई के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आलोक प्रसाद और तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

एसडीएम आलोक प्रसाद ने इस अवसर पर कहा, “लेखपाल अफजाल ने अपने पूरे कार्यकाल में कभी शिकायत का मौका नहीं दिया। उन्होंने हमेशा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से कार्य किया। अन्य कर्मचारियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।”

समारोह में लेखपाल संघ के सदस्य, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, तथा अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने लेखपाल अफजाल के ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव की प्रशंसा की।

अपने संबोधन में सेवानिवृत्त लेखपाल अफजाल ने कहा कि मैंने अपने सेवाकाल में हमेशा दायित्वों को सर्वोपरि माना और ईमानदारी से कार्य किया। मैंने कभी ‘न’ शब्द को अपनाने की आवश्यकता नहीं समझी, क्योंकि सरकारी सेवा में नागरिकों की सेवा ही सबसे बड़ा कर्तव्य होता है। समारोह के अंत में सभी ने लेखपाल अफजाल के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

Also Read: ‘लांघी सीमाएं अपमान की, घड़ी ऐलान की…’, अखिलेश यादव के ट्वीट से बढ़ी सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.