Kaushambi News: व्यापारी से लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: कौशांबी जिले के महेवा घाट इलाके में एक व्यापारी से हुई लूट की वारदात के एक आरोपी को पुलिस ने शनिवार सुबह मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात महेवा घाट थाना क्षेत्र में व्यापारी लालचंद केसरवानी की दुकान से अज्ञात बदमाशों ने 20,000 रुपये की नकदी लूट ली थी। इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

शनिवार सुबह पिपरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम जब रसूलपुर-ब्यूर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन रुकने की बजाय उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अगियौना गांव निवासी धनराज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, व्यापारी से लूटे गए 20,000 रुपये और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Also Read: अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भड़के भूपेंद्र चौधरी, बोले- हिंदू विरोधी मानसिकता का हिस्सा हैं उनके बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.