प्रयागराज बाढ़ पर अखिलेश के X से गरमाई सियासत, केशव मौर्य बोले– ‘दूध पीता बच्चा हैं अखिलेश’
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज में आई बाढ़ को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्ववर्ती ट्विटर) पर किए गए एक पोस्ट ने उत्तर प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर तीखा हमला बोला और उन्हें ‘दूध पीता बच्चा’ करार दिया।
पत्रकारों से बातचीत में केशव ने अखिलेश के उस पोस्ट का जवाब दिया
मंगलवार को कौशांबी के दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम मौर्य ने सर्किट हाउस सयारा में पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों संग बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अखिलेश के उस पोस्ट का जवाब दिया, जिसमें सपा प्रमुख ने बाढ़ की स्थिति पर तंज कसते हुए लिखा था– “एक अरब की पावन डुबकी का कर दिया प्रबंध, तीर्थराज क्यों डूब रहा है? पूछो तो, मुंह बंद।”
ऐसी आपदाएं किसी भी राज्य में आ सकती हैं
इस पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है, और ऐसी आपदाएं किसी भी राज्य में आ सकती हैं। उन्होंने कहा, “सरकार ने समय रहते सभी जरूरी कदम उठाए हैं। कहीं कोई लापरवाही नहीं है। हमारी सरकार और संगठन दोनों लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।”
एक अरब की पावन डुबकी का कर दिया प्रबंध
तीर्थराज क्यों डूब रहा है? पूछो तो, मुंह बंद pic.twitter.com/VhDbnN9bRn— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 4, 2025
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “वो सत्ता से बाहर हैं इसलिए बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उनके पास सेवा करने वाले कार्यकर्ता नहीं, बल्कि गुंडे, माफिया और दंगाई हैं। वे बयानबाजी में वीरता दिखाते हैं, लेकिन असली सेवा जमीन पर नहीं करते।” उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर चुनौती में जनता के साथ खड़े रहते हैं और ज़मीनी स्तर पर काम करते हैं। केवल ट्वीट करने से सेवा नहीं होती, बल्कि इसके लिए जनता के बीच उतरना पड़ता है।
बाढ़ की स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी के इस दौर में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है। फिलहाल प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है कि सरकार ने पर्याप्त तैयारी नहीं की थी।
Also Read: ‘देश के लिए खेलना है तो दर्द भूलना होगा’, सुनील गावस्कर ने वर्कलोड मैनेजमेंट पर उठाए सवाल

