Lucknow News: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर महापौर ने दी श्रद्धांजलि, लालबाग में उमड़ी भीड़
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर राजधानी लखनऊ में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम मुख्यालय, लालबाग के सामने स्थित कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में नागरिक, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सैकड़ों लोगों की भीड़ श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी और सभी ने बारी-बारी से प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत नेता को नमन किया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश में भय और अपराध मुक्त शासन की नींव रखी। उन्होंने प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया और सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सत्ता का भी त्याग करने से पीछे नहीं हटे।”
उन्होंने आगे कहा कि “बाबूजी का व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। संगठन से लेकर सरकार तक उन्होंने सुशासन और लोककल्याण की मजबूत आधारशिला रखी, जो हर राष्ट्रभक्त की स्मृति में सदैव जीवित रहेगी।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और कल्याण सिंह के विचारों को स्मरण करते हुए हुआ। नगर निगम द्वारा प्रतिमा स्थल की विशेष सजावट की गई थी और श्रद्धांजलि सभा शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।

