सूडान में फँसा ओडिशा का भारतीय नागरिक, RSF ने किया अपहरण, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

Sandesh Wahak Digital Desk: सूडान में सेना और खतरनाक रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच जारी खूनी संघर्ष के बीच, भारत का एक नागरिक खूंखार RSF मिलिशिया के चंगुल में फँस गया है। अपहृत युवक की पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के निवासी आदर्श बेहरा (36) के रूप में हुई है, जो दो साल से वहाँ की सुकराती प्लास्टिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। आदर्श के अपहरण की खबर से उनकी पत्नी सुष्मिता और दो छोटे बच्चों (आठ और तीन साल के) समेत पूरा परिवार सदमे में है।

आदर्श के परिजनों को एक भयावह वीडियो मिला है, जिसमें आदर्श बेहरा दो RSF सैनिकों के बीच ज़मीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे खड़ा एक सैनिक उन्हें कैमरे की ओर देखकर RSF के कुख्यात सरगना का नाम डागालो गुड बोलने के लिए मजबूर करता है। परिवार के अनुसार, आदर्श को अल-फाशिर शहर से अगवा किया गया, जहाँ से उन्हें RSF का गढ़ माने जाने वाले न्याला शहर ले जाए जाने का अनुमान है।

वॉइस मैसेज में बताई दर्दनाक हालत

अपहरण के बाद, आदर्श ने परिवार को कई वॉइस मैसेज और वीडियो भेजे हैं, जिनमें उन्होंने अपनी दयनीय हालत बताई है। एक वीडियो में हाथ जोड़कर वह मदद की गुहार लगाते दिखे, मैं अल-फाशिर में हूँ, जहाँ हालात बहुत खराब हैं। मैं दो साल से यहाँ बहुत मुश्किलों में रह रहा हूँ। मेरा परिवार और बच्चे बहुत परेशान हैं। मैं ओडिशा सरकार से मदद की गुजारिश करता हूँ।

एक वॉइस मैसेज में उन्होंने बताया कि RSF वालों ने उन्हें पकड़ लिया है, और उनके पासपोर्ट व दस्तावेज़ छीन लिए गए हैं। उन्होंने कहा, यहाँ इतने अच्छे हालात नहीं हैं। मुझे मारा जाता है या पीटा जाता है। मेरी तबीयत भी अब खराब हो रही है। मुझे यहाँ से जल्दी जाना है क्योंकि मुझे यहाँ बहुत तकलीफ हो रही है। अब यहाँ गोलीबारी भी हो रही है, मुझे डर लग रहा है।

पत्नी ने माँगी मदद

आदर्श की पत्नी सुष्मिता ने बताया कि उन्हें अगवा हुए लगभग 10 दिन हो चुके हैं। उनके पति जिस कंपनी में काम करते थे, उसके मालिक को भी किडनैप कर लिया गया है। अब पूरा परिवार भारत के विदेश मंत्रालय और ओडिशा सरकार से यह उम्मीद लगाए बैठा है कि वे तुरंत हस्तक्षेप कर आदर्श बेहरा को इस ख़तरनाक चंगुल से सुरक्षित वापस लाएँ।

Also Read: UP Panchayat Election 2026: आयोग ने तय की खर्च की नई सीमा, प्रधान से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक के लिए नियम लागू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.