आजमगढ़ में डॉक्टर पर हमले का मामला, चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले में नवनीत क्लिनिक के संचालक डॉ. वीरेंद्र प्रजापति पर हुए जानलेवा हमले और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद कार्यपालन में शिथिलता बरतने और पीड़ित के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने के आरोप में चौकी प्रभारी माहुल समेत दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

रंगदारी मांगने आए थे बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत क्लिनिक के संचालक डॉ. वीरेंद्र प्रजापति के क्लिनिक पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने क्लिनिक संचालक से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर एक बदमाश ने डॉ. वीरेंद्र प्रजापति के सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।

घायल होने के बावजूद अस्पताल संचालक ने साहस दिखाया और आस-पास के दुकानदारों के सहयोग से बदमाश से भिड़ गए। दबाव बढ़ने पर बदमाश पिस्टल छोड़कर भागने में सफल रहे।

SP ने लिया एक्शन

इस गंभीर घटना के बाद पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल कार्रवाई की। चौकी प्रभारी माहुल सुधीर सिंह को कार्यपालन में शिथिलता बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया।

चौकी पर तैनात बीट सिपाही अंचल सिंह को भी लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में पीड़ितों के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की गहन जाँच जारी है।

Also Read: गोंडा: हिरासत में मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 दरोगा समेत 3 आरपीएफ कर्मी निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.