Muzaffarnagar News: मुअज्जिन ने दरोगा को दी गर्दन काटने की धमकी, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब मदीना मस्जिद के मुअज्जिन मोहम्मद इरफान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में वह एक पुलिस दरोगा को गर्दन काटने की धमकी देता हुआ साफ दिख रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी मुअज्जिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह विवाद दो दिन पहले तब शुरू हुआ, जब मदीना चौक स्थित मदीना मस्जिद में अज़ान के दौरान मुअज्जिन मोहम्मद इरफान ने कच्ची सड़क चौकी इंचार्ज विनोद चौधरी पर तेज आवाज़ को लेकर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया था। उस दौरान हुई खींचतान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि दरोगा उन्हें मस्जिद से खींचकर धक्का-मुक्की कर रहे थे।
धमकी वाला वीडियो वायरल होने से हड़कंप
इस घटना के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस दूसरे वीडियो में, मुअज्जिन मोहम्मद इरफान जमीयत उलेमा ए हिंद के कार्यकर्ताओं से बात करते हुए अपना आपा खो देते हैं और गुस्से में आकर दरोगा को गर्दन काटने की धमकी दे देते हैं। यह वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद गुरुवार को जमीयत उलेमा ए हिंद के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी मुजफ्फरनगर को ज्ञापन सौंपकर दरोगा के खिलाफ मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि 11 दिसंबर को धमकी वाले वायरल वीडियो की सूचना मिली थी। इस पर सिविल लाइन थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी मुअज्जिन मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
Also Read: तीन दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे लियोनेल मेसी, प्रशंसकों का उमड़ा जनसैलाब

