कफ सिरप कांड पर सीएम योगी का अखिलेश पर तीखा तंज, कहा- माफियाओं का है सपा कनेक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आगाज के साथ ही सूबे की सियासत में कफ सिरप को लेकर घमासान छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी द्वारा सरकार को घेरने की कोशिशों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज करारा पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि कफ सिरप की तस्करी और नशे के इस काले कारोबार के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की स्थिति पर चुटकी लेते हुए एक मशहूर शेर के जरिए उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अपनी गलतियों को सुधारने के बजाय सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। सीएम ने कहा, उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा। योगी आदित्यनाथ का इशारा साफ था कि माफिया उनके अपने पाले में हैं और वह दाग सरकार के कामकाज में ढूंढ रहे हैं।
सपा कनेक्शन और माफियावाद पर बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने कफ सिरप मामले को केवल एक व्यापारिक गड़बड़ी नहीं, बल्कि नशे और तस्करी का एक बड़ा संगठित अपराध बताया। सीएम ने दावा किया कि कफ सिरप तस्करी में अब तक जितने लोग पकड़े गए हैं, प्रारंभिक जांच में उनके तार समाजवादी पार्टी से जुड़े मिले हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सिरप का इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा था। जैसे ही सरकार को इसकी जानकारी मिली, सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। योगी ने कहा कि जांच एजेंसियां गहराई से काम कर रही हैं। पैसा कहां से आया और कहां गया, इसकी पूरी चेन तलाशी जा रही है। जल्द ही सब कुछ साफ हो जाएगा।
हर माफिया का नाता सपा से
योगी आदित्यनाथ ने अपने हमले को और तेज करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि प्रदेश के हर बड़े माफिया का संबंध किस पार्टी से रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा हमेशा से अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने के लिए कुख्यात रही है और कफ सिरप कांड उसी की एक कड़ी है। मुख्यमंत्री के इस आक्रामक रुख के बाद तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सदन के भीतर कफ सिरप, नशे की तस्करी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार ‘वाकयुद्ध’ देखने को मिलेगा।
Also Read: Jaunpur News: कोडीन कफ सिरप नेटवर्क पर शिकंजा, 3 फरार मेडिकल संचालकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

