Jhansi News: घर के बाहर शराब पीने से टोका, तो रात में आकर फूंक दिया ट्रैक्टर, CCTV में कैद हुई करतूत

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवाबाद थाना क्षेत्र की मिश्रा कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार को सामाजिक मर्यादा की बात करना महंगा पड़ गया। महज शराब पीने से मना करने पर दबंगों ने एक शख्स के ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

मिश्रा कॉलोनी के रहने वाले देवेंद्र शर्मा के मुताबिक, कुछ दबंग युवक दिन के समय उनके घर के ठीक बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। जब देवेंद्र की पत्नी ने उन्हें वहां से हटने और सार्वजनिक जगह पर शराब न पीने को कहा, तो वे गाली-गलौज पर उतारू हो गए। मामला बढ़ता देख देवेंद्र ने अपने बेटे को बुलाया और डायल 112 पर पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस को फोन करता देख शराबी ‘देख लेने’ की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।

दबंगों ने अपनी धमकी को रात के अंधेरे में अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रात करीब 2 बजे चार युवक दबे पांव देवेंद्र के घर के पास पहुंचते हैं। वे ट्रैक्टर पर कोई ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल या डीजल) छिड़कते हैं और आग लगाकर रफूचक्कर हो जाते हैं। जब तक घर वाले बाहर निकले और आग बुझाने की कोशिश की, तब तक ट्रैक्टर का काफी हिस्सा जलकर राख हो चुका था।

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने मोहल्ले के लोगों में डर पैदा कर दिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को फुटेज सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Also Read: मेक इन इंडिया की बड़ी उड़ान, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बना भारत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.