Lucknow News: शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, चोरी का ऑटो और नगदी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के दक्षिणी जोन स्थित बिजनौर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की एक गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को घेराबंदी कर उस वक्त दबोच लिया, जब वह चोरी के ऑटो के साथ भागने की फिराक में था। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी किया गया विक्रम ऑटो और कुछ नगदी भी बरामद हुई है।

क्या था मामला?

औरंगाबाद जागीर की रहने वाली रूबीना कुरैशी ने 27 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ा विक्रम ऑटो (UP32SN5939) रात के समय किसी ने चोरी कर लिया है। इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी थीं।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए चोर का सुराग लगा रही थीं। बुधवार (28 जनवरी) की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी के ऑटो के साथ रसूलपुर इठुरिया रोड की तरफ देखा गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के गेट नंबर 2 के पास से मोहम्मद इसराइल (22 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।

ड्राइवर ही निकला चोर

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद इसराइल पेशे से खुद एक ऑटो ड्राइवर है, जो बिजनौर कस्बे के कटरा नाला मोहल्ले का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का ऑटो और 170 रुपये बरामद हुए। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चोरी का माल बरामद होने की धाराएं बढ़ाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Also Read: लखनऊ: युवती को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी ‘सोनू’ को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.