UP ANTF: मुरादाबाद में 18 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की मेरठ यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया है। पुलिस ने मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र से दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 3 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी जा रही है।

बिहार का अफीम कनेक्शन और मुरादाबाद में डिलीवरी

गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक रवि कुमार बिहार के बेत्तिया का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह अफीम अपने चाचा (निवासी बेत्तिया, बिहार) से लेकर आया था। उसे यह खेप मुरादाबाद बस स्टैंड के पास सुनील कुमार (निवासी बदायूं) को सौंपनी थी। डिलीवरी देने से पहले ही टास्क फोर्स ने मुखबिर की सूचना पर शताक्षी होंडा के सामने, रामपुर रोड पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने तस्करों के पास से न केवल भारी मात्रा में अफीम, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

अफीम: 03 किलो 60 ग्राम (कीमत ₹18 लाख)

वाहन: 01 सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार

अन्य: 03 मोबाइल फोन और ₹900 नगद

कानूनी कार्यवाही

इस मामले में मुरादाबाद के थाना कटघर में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/18/29/60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब रवि के चाचा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। इस सफल ऑपरेशन को उप-निरीक्षक राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, विनीत, नवीन, मनीष और धीरी सिंह (ANTF मेरठ यूनिट) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया।

Also Read: लखनऊ: शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव, पुलिस ने 2 घंटे में आरोपी को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.