Amethi News शिक्षामित्रों के लिए ‘दिवाली’ जैसा जश्न, मानदेय 18,000 होने पर DPRC में सम्मान समारोह
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी के जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (DPRC) में आज बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय का लाइव प्रसारण देखने के साथ ही, अमेठी के शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की चेक देकर सम्मानित किया गया।
दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संजय तिवारी ने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे परिषदीय विद्यालयों की रीढ़ हैं। नामांकन बढ़ाने और बच्चों को ‘निपुण’ बनाने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा और मूल विद्यालय वापसी की सुविधा उनके समर्पण का सम्मान है।
चेक पाकर खिले शिक्षामित्रों के चेहरे
समारोह में जिले के प्रत्येक विकास खंड से आए शिक्षामित्रों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि और अधिकारियों ने प्रतीक स्वरूप ₹18,000 के बढ़े हुए मानदेय की चेक वितरित की। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि यह मानदेय वृद्धि शिक्षामित्रों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
DPRC परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग की नवाचारी गतिविधियों जैसे ‘लर्निंग बाय डूइंग’, ‘रूम टू रीड’, ‘किचन गार्डन’ और ‘विज्ञान प्रदर्शनी’ का भी स्टॉल लगाया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्कूल चलो अभियान और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
रिपोर्ट: राम धीरज यादव

