राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले सीएम योगी, 15 दिन इंतजार करें, जो भी अपराधी बचेगा नहीं

Ayodhya News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद सामने आने के 17 दिन बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार अयोध्या पहुंचकर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रामभक्तों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि 15 दिन और धैर्य रखें, एसआईटी जांच पूरी होने पर पूरा सच सामने आएगा और दोषी किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद जो भी अपराधी होगा, वह बचेगा नहीं। उन्होंने लोगों से एसआईटी की रिपोर्ट आने तक कोई बयानबाजी न करने की अपील करते हुए कहा कि इससे जांच प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि गैरजरूरी रूप से किसी का चरित्र हनन न करें और अयोध्या को बदनाम न करें।

सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कभी राम भक्तों और कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था, जय श्री राम का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाई थीं, वे अब उपदेश देने निकले हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर कहा था कि श्री राम हुए ही नहीं, और आज वही कांग्रेस राम भक्तों के अपमान की बात कर रही है। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग राम भक्तों को अपमानित करते थे और माफिया की कब्र पर जाकर फातिया पढ़ते थे, वे हमें राम भक्ति का उपदेश देने चले हैं।

अगर सबूत हैं तो SIT को सौंपें

सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी के पास दस्तावेजी सबूत हैं तो वे एसआईटी को सौंप दें, जांच एजेंसी उनकी जांच करेगी। उन्होंने रामभक्तों से अपील करते हुए कहा कि भगवान राम ने मर्यादा का पाठ पढ़ाया है, इसी गरिमा को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने 500 सालों तक संघर्ष किया, बस 15 दिन और इंतजार करें।

SIT जांच में दूध का दूध, पानी का पानी होगा

सीएम योगी ने साफ किया कि ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बैठाई गई है और इसमें किसी भी तरह की कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि SIT जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, इसमें कोई संदेह नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों से बचने की अपील की, ताकि राम भक्तों की भावनाएं आहत न हों।

Also Read: UP समेत राज्यों में MSP पर होगी दाल और तिलहन की बंपर खरीद, केंद्र ने दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.