कानपुर देहात में बोतल वाले बाबा का भंडाफोड़, रेप के प्रयास का आरोप, उठा ले गई पुलिस
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में खुद को चमत्कारी शक्तियों वाला बताने वाले कथित ‘बोतल वाले बाबा’ (Bottle Baba) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने हरिओम यादव उर्फ बोतल वाले बाबा और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर विशेष पूजा और अनुष्ठान के नाम पर महिला को आश्रम बुलाकर यौन उत्पीड़न और रेप का प्रयास करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरिओम यादव देवराहट क्षेत्र के चैनपुरवा गांव में ‘हरि धाम सरकार आश्रम’ संचालित करता है। वह कथित तौर पर पूजा-पाठ और अनुष्ठान के जरिए बीमारियां और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का दावा करता था।
40 हजार रुपये लेने के बाद आश्रम बुलाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 6 जून को Bottle Baba अपने सहयोगियों के साथ उसके घर पहुंचा था। इस दौरान उसने महिला को कथित तौर पर बताया कि उस पर नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव है और उससे छुटकारा पाने के लिए विशेष अनुष्ठान कराना जरूरी है।
महिला का कहना है कि इसी बहाने उससे 40 हजार रुपये लिए गए। बाद में उसे 15 जून को विशेष पूजा के लिए आश्रम बुलाया गया।
आश्रम में ले जाकर की गलत हरकत का आरोप
महिला के अनुसार वह तय तारीख पर अपने दो देवरों के साथ आश्रम पहुंची थी। वहां बाबा उसे अनुष्ठान के नाम पर एक अलग कमरे में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और रेप का प्रयास किया।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाने की भी कोशिश की गई। किसी तरह वहां से निकलकर उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
बाबा और सहयोगी गिरफ्तार, कई लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने मामले में हरिओम यादव, उसके सहयोगियों समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला के दो देवरों के नाम भी एफआईआर में शामिल किए गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिओम यादव (Bottle Baba) और उसके सहयोगी दीपक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: प्रेमजाल, धर्म परिवर्तन और 30 लाख की ठगी, भाजपा नेत्री के आरोप से मचा हड़कंप

