मयंक यादव-अशोक शर्मा ने रचा इतिहास, भारतीय क्रिकेट में पहली बार दर्ज हुआ अनोखा रिकॉर्ड
Sports News: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कई मायनों में खास रहा।
टीम इंडिया ने इस मैच में शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मुकाबले के दौरान तेज गेंदबाज मयंक यादव और युवा पेसर अशोक शर्मा ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में इससे पहले कभी नहीं हुआ था।
दोनों गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में भारत की ओर से नई गेंद संभाली और खास बात यह रही कि दोनों का जन्म एक ही तारीख और एक ही साल में हुआ है।
इस अनोखे संयोग ने उन्हें भारतीय क्रिकेट में एक खास उपलब्धि दिला दी।
17 जून 2002 का अनोखा कनेक्शन
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मैच में भारत ने पारी की शुरुआत मयंक यादव और अशोक शर्मा की जोड़ी से कराई। दोनों खिलाड़ियों का जन्म 17 जून 2002 को हुआ था।
भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एक ही तारीख और एक ही साल में जन्मे दो गेंदबाजों ने किसी मुकाबले में भारत के लिए नई गेंद से गेंदबाजी की शुरुआत की है।

वर्ल्ड क्रिकेट में तीसरी बार बना ऐसा रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी यह उपलब्धि बेहद दुर्लभ है। इससे पहले दुनिया में सिर्फ दो बार ऐसा देखने को मिला था, जब एक ही दिन जन्मे दो गेंदबाजों ने किसी पारी की शुरुआत में नई गेंद संभाली हो।
साल 2023 में समोआ और फिजी के बीच खेले गए मुकाबले में समोआ के टाइमजीन रापी और मैथ्यू फाटिया ने यह कारनामा किया था। दोनों का जन्म 30 अगस्त 2003 को हुआ था।
वहीं, 2023 में ही चिली के एडवर्ड टेलर और गुइलेर्मो अबुर्तो ने भी यह उपलब्धि हासिल की थी। दोनों खिलाड़ियों की जन्म तारीख 29 फरवरी 1984 थी।
मयंक यादव ने वापसी पर दिखाया दम
लगभग दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे मयंक यादव ने अपनी वापसी को यादगार बना दिया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
मयंक ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेकर अपनी शानदार शुरुआत की और टीम को शुरुआती सफलता दिलाई।
डेब्यू मैच में अशोक शर्मा ने भी छोड़ी छाप
वहीं, युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इस मुकाबले से अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 29 रन दिए।
भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 125 रन ही बना सकी।
जवाब में भारत ने यह लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया और सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की।

