Bareilly News: आंवला में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 66 किलो से ज्यादा डोडा छिलका जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के आंवला थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा छिलका के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1,720 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोजीपुरा गांव और रामनगला के बीच तीन संदिग्ध व्यक्ति पांच कट्टों में डोडा छिलका लेकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरन (35) निवासी बिसौली, बदायूं, लालाराम (40) निवासी भमोरा, बरेली और जगपाल (31) निवासी वजीरगंज, बदायूं के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लालाराम के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने डोडा छिलका रामपुर के शाहबाद क्षेत्र में एक अज्ञात ट्रक चालक से खरीदा था।
इसे देवचरा क्षेत्र में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनका टेंपो खराब हो गया, जिसके बाद वे दूसरी सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
Also Read: झांसी ANTF की सूचना पर MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

