झांसी ANTF की सूचना पर MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Jhansi News: उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना झांसी की सूचना पर मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से 75.13 किलोग्राम अवैध गांजा, एक बोलेरो पिकअप, दो मोबाइल फोन और 880 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) और अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) के निर्देशन तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के मार्गदर्शन में की गई।

राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनराज प्रजापति पुत्र सत्यनारायण और सुरेश बलाई पुत्र नाथू, निवासी खबास किकरी, अजमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

दोनों को 2 अगस्त 2026 को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर (कोटरा) थाना क्षेत्र में NH-46 स्थित तीनबड़ली के पास गिरफ्तार किया गया।

ओडिशा से लाकर बेचते थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर में बेचते थे।

इस बार भी वे बोलेरो पिकअप में गांजा लेकर सप्लाई के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

बरामदगी के आधार पर थाना कुरावर (कोटरा), जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

Also Read: शामली में कबड्डी खिलाड़ी की हत्या से सनसनी, प्रेम प्रसंग बना वजह, जांच में हुए कई बड़े खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.