खराब भोजन से भड़के नवोदय के छात्र, पूरी रात भूख हड़ताल, DM के आश्वासन पर खत्म हुआ Gen Alpha आंदोलन
Shravasti News: श्रावस्ती के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय (PM Shri Jawahar Navodaya Vidyalaya), संभारपुरवा, भिनगा में भोजन की गुणवत्ता और स्कूल व्यवस्था को लेकर छात्रों का विरोध सोमवार रात बड़ा आंदोलन बन गया। छात्रों ने हॉस्टल के गेट पर ताला जड़ दिया और छत पर बैठकर पूरी रात भूख हड़ताल की।
मंगलवार दोपहर तक चले इस प्रदर्शन का अंत तब हुआ, जब डीएम अन्नपूर्णा गर्ग (Annapurna Garg) ने मौके पर पहुंचकर सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।
छात्रों का आरोप है कि मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है। चावल में कीड़े निकलते हैं, तहरी में सिर्फ हल्दी, चावल और नमक होता है, जबकि भिंडी की सब्जी में भी आलू मिलाकर परोसा जाता है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
छात्रों ने कुछ शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और विरोध करने पर नंबर काटने की धमकी देने के आरोप भी लगाए। छात्राओं ने दावा किया कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने और सच न बोलने का दबाव बनाया गया।
‘Gen Alpha’ आंदोलन बना, प्रशासन को संभालनी पड़ी कमान
प्रदर्शन की सूचना पर सीडीओ मोहम्मद शाहिद, एसडीएम आशीष भारद्वाज, एएसपी चंद्रकेश सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस बीच छात्राओं के भी आंदोलन में शामिल होने से प्रदर्शन और तेज हो गया। छात्रों ने इसे ‘Gen Alpha आंदोलन’ का नाम देते हुए डीएम को मौके पर बुलाने की मांग की।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (Food Safety Department) की टीम समय-समय पर मेस का औचक निरीक्षण करेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन और भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
प्राइवेसी और मारपीट के भी लगाए आरोप
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल के कमरों की कुंडी तोड़ दी गई है और बिना अनुमति कभी भी तलाशी ली जाती है। कुछ छात्रों ने दावा किया कि उनके बक्सों के ताले तक तोड़े गए। वहीं, कुछ शिक्षकों पर मारपीट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए।
Also Read: मकान के बदले सरकारी कर्मचारी को सौंपा गया बच्चा, लखनऊ में नवजात की खरीद-फरोख्त के आरोप से हड़कंप

