IIT Delhi का 7 महीने का प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कोर्स, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

IIT Delhi: करियर में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे युवाओं और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए IIT दिल्ली ने नया प्रोग्राम शुरू किया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) के तहत 7 महीने का एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम इन एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट लॉन्च किया गया है। यह पूरा प्रोग्राम ऑनलाइन लाइव सेशन के जरिए चलेगा।

प्रोग्राम की शुरुआत 26 सितंबर 2026 से होगी और यह 21 मार्च 2027 को पूरा होगा। इसमें प्रोजेक्ट प्लानिंग, रिस्क मैनेजमेंट, बजटिंग, एजाइल मैथडोलॉजी और डेटा एनालिटिक्स जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। केस स्टडी और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज के जरिए भी ट्रेनिंग दी जाएगी।

ग्रेजुएट्स और अनुभव वाले डिप्लोमा धारक पात्र

इस कोर्स के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है। डिप्लोमा करने वाले ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास वर्क एक्सपीरियंस है। यह प्रोग्राम मिड-लेवल मैनेजर्स, प्रोजेक्ट लीडर्स, एंट्रेप्रेन्योर्स और युवा ग्रेजुएट्स के लिए उपयोगी है।

क्विज और कैपस्टोन प्रोजेक्ट से होगा मूल्यांकन

अभ्यर्थियों का मूल्यांकन क्विज, असाइनमेंट और कैपस्टोन प्रोजेक्ट के आधार पर किया जाएगा। निर्धारित न्यूनतम अटेंडेंस और सभी मूल्यांकन मानकों को पूरा करने वालों को IIT दिल्ली की ओर से एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी IIT दिल्ली के आधिकारिक CEP पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान शैक्षणिक दस्तावेज, फोटो आईडी और पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। सीटें सीमित होने के कारण समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.