केशव प्रसाद मौर्य ने सुल्तानपुर पीडी अशोक कुमार सिंह को किया सस्पेंड, लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सख्त रवैये का परिचय देते हुए कर्तव्य में ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को सुल्तानपुर के परियोजना निदेशक (पीडी) अशोक कुमार सिंह को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच बिठाने का फरमान भी जारी किया गया है। यह कड़ा कदम पद की गरिमा के खिलाफ काम करने और अपने मातहत कर्मचारियों के साथ अमर्यादित बर्ताव करने की शिकायतों के बाद उठाया गया है।
नियम-7 के तहत विभागीय जांच के आदेश
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के नियम-7 के तहत अनुशासनिक कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने दो टुक शब्दों में कहा कि राज्य सरकार के लिए जनसेवा ही सबसे बड़ा संकल्प है। सभी योजनाओं को धरातल पर उतारना और पारदर्शी तरीके से जनता को राहत पहुंचाना अधिकारियों का मूल कर्तव्य है। इसमें किसी भी तरह की कोताही या अनुशासनहीनता को हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि डबल इंजन सरकार की नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानी होंगी। जो भी अधिकारी अपने काम से मुंह मोड़ेगा या अनुशासन तोड़ेगा, उस पर ऐसे ही कठोर कदम उठाए जाएंगे। सुल्तानपुर के परियोजना निदेशक का निलंबन इसी बात की ओर एक स्पष्ट संकेत है।
कानून-व्यवस्था पर अखिलेश यादव पर साधा निशाना
दूसरी ओर, आजमगढ़ दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि जनता उनके शासनकाल का गुंडाराज, भू-माफिया और नकल माफिया का संरक्षण भूली नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून सबके लिए बराबर है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Also Read: Lucknow News: मोबाइल की किस्त न चुकाने पर युवक को बंधक बनाकर खून निकलवाने के 2 आरोपी गिरफ्तार

