मथुरा में बड़ा हादसा: बोरिंग मशीन 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई, 2 मजदूर समेत 3 की मौत
Mathura News: मथुरा के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सियारा गांव में बृहस्पतिवार को सबमर्सिबल के लिए बोरिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बोरिंग मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। मशीन में करंट उतरने से दो मजदूरों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
बोरिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सियारा गांव निवासी मोहन सिंह अपने यहां सबमर्सिबल लगवाने के लिए बोरिंग करा रहे थे। इस काम में गंगरोली निवासी सुल्तान और मोहन बोरिंग मशीन चला रहे थे, जबकि मोहन सिंह पास में खड़े थे।
इसी दौरान मशीन किसी तरह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। लाइन से संपर्क होते ही मशीन में करंट उतर गया और उसकी चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलने पर शेरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। अपनों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Also Read: ‘मैडम सरकार बनने दो, CM कोटा से IAS बनवा दूंगा’, मथुरा के सपा नेता की वायरल चैट से सनसनी

